Nikah Ki Dua in Hindi |
नये शादीशुदा जोड़े के लिए मसनून दुआ
Nikah Ki Dua in Hindi : निकाह हर इंसान की ज़िंदगी का एक बेहद ख़ूबसूरत और अहम मरहला होता है, और यह मर्द और औरत के एक नये ख़ूबसूरत सफ़र की शुरुआत है। जिसको मियां-बीवी मोहब्बत, रहमत, ज़िम्मेदारी के साथ गुज़ारते हैं। लेकिन आज हम निकाह की की नहीं बल्कि निकाह की दुआ के बारे में बात करेंगे |
आप जानते ही होंगे कि जब हमारे किसी रिश्तेदार, दोस्त या जानने वाले की शादी होती है, तो लोग उन्हें शादी की मुबारकबाद देते हैं, कोई कहता है कि आपकी जोड़ी सलामत रहे, कोई ख़ुशहाल ज़िंदगी की दुआ देता है और कोई नये जोड़े को अच्छे मुस्तक़बिल की मुबारकबाद देता है।
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हमारे प्यारे नबी हज़रत मुहम्मद ﷺ ने नये शादीशुदा जोड़े को मुबारकबाद देने का कौन-सा तरीक़ा सिखाया है? अगर नहीं जानते तो चलिए आज जान लेते हैं |
शादीशुदा जोड़े को मुबारकबाद देने का तरीक़ा
हमारे नबी स.अ. ने नए जोड़े को मुबारकबाद देने के लिए एक ख़ास दुआ बताई है, जिस दुआ में अल्लाह से दरख़्वास्त की जाती है कि “ए अल्लाह! इस जोड़े की आने वाली ज़िन्दगी में बरकत, रहमत और मियां-बीवी के दरमियान भलाई अता फ़रमा” ।
तो आइए जानते हैं कि नये शादीशुदा जोड़े को कौन-सी मस्नून दुआ देनी चाहिए और शादीशुदा ज़िंदगी के दूसरे अहम मौक़ों पर कौन-सी दुआएँ पढ़नी चाहिए।
नये शादीशुदा जोड़े को मुबारकबाद देने की मसनून दुआ
जब किसी की शादी हो जाए, तो उसे मुबारकबाद देते हुए यह दुआ पढ़ना सुन्नत से साबित है।

हिन्दी : बारकल लाहु लका, व बारका अलैका, व ज-मअ बैनकुमा फ़ी खैर
यह दुआ छोटी ज़रूर है, लेकिन इसके मायने बहुत गहरे हैं। ग़ौर कीजिए, कि इस दुआ में सिर्फ़ ख़ुश रहने की बात नहीं की गई, बल्कि अल्लाह तआला से बरकत और भलाई की दरख़्वास्त की गई है।
क्यूंकि निकाह के बाद इंसान की ज़िंदगी में बहुत-सी नई ज़िम्मेदारियाँ आती हैं, कभी ख़ुशी के हालात होते हैं, तो कभी इम्तिहान और परेशानियाँ भी सामने आती हैं। ऐसे में सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है अल्लाह की मदद, रहमत और बरकत की, इसीलिए रसूलुल्लाह ﷺ अपने सहाबा को शादी के मौक़े पर इसी तरह दुआ दिया करते थे।
इस दुआ में बरकत का क्या मतलब है?
अक्सर हम किसी को शादी की मुबारकबाद देते हुए कहते हैं कि अल्लाह तुम्हें ख़ुश रखे, लेकिन इस दुआ में तो बरकत माँगने की तालीम दी गई है। तो आख़िर बरकत का मतलब क्या है?
बरकत का मतलब सिर्फ़ माल-दौलत या दुनिया की ख़ुशियाँ ही नहीं है। इसका मतलब है किसी चीज़ में लगातार भलाई, तरक़्क़ी और ख़ैर का बाक़ी रहना। यानि जब हम किसी नये शादीशुदा जोड़े के लिए बरकत की दुआ करते हैं, तो दरअसल हम अल्लाह से यह माँगते हैं कि:
• उनकी शादीशुदा ज़िंदगी में हमेशा ख़ैर और भलाई रहे।
• उनके रिश्ते में मोहब्बत और सुकून बना रहे।
• उनका घर दुनिया और आख़िरत के लिए फ़ायदेमंद बने।
• उनकी ज़िंदगी में अल्लाह की रहमत और बरकत शामिल रहे।
यानी हम सिर्फ़ आज की ख़ुशी की दुआ नहीं कर रहे होते, बल्कि उनकी पूरी ज़िंदगी के लिए भलाई माँग रहे होते हैं।
दोनों मियां-बीवी को एक साथ दुआ कैसे दें?
इस दुआ के बारे में एक अहम बात समझना ज़रूरी है कि हदीस में जो दुआ बयान हुई है, वो दुआ सिर्फ़ दूल्हे को दुआ देने के लिए है, लेकिन अगर दूल्हा और दुल्हन दोनों मौजूद हों और आप दोनों को एक साथ मुबारकबाद देना चाहें, तो दोनों के लिए एक साथ दुआ इस तरह करेंगे ।

بَارَكَ اللَّهُ لَكُمَا، وَبَارَكَ عَلَيْكُمَا، وَجَمَعَ بَيْنَكُمَا فِي خَيْرٍ
हिन्दी : बारकल लाहु लकुमा, व बारका अलैकुमा, व ज-मअ बैनकुमा फ़ी खैर
अल्लाह तुम दोनों को बरकत अता फ़रमाए, तुम दोनों पर अपनी बरकत नाज़िल फ़रमाए और तुम दोनों को भलाई के साथ जोड़े रखे।
दूल्हा अपनी दुल्हन के लिए कौन सी दुआ पढ़े?
निकाह के बाद एक और अहम दुआ है, जो दूल्हे के लिए है यानि दूल्हे को पढ़नी है। इसके बारे में रसूलुल्लाह ﷺ ने तालीम दी कि जब कोई शख़्स निकाह करे और अपनी दुल्हन के पास जाए, तो उसके माथे के अगले हिस्से को पकड़कर (पेशानी के बाल पकड़ कर) अल्लाह का नाम ले और यह दुआ करे:
اللَّهُمَّ إِنِّي أَسْأَلُكَ خَيْرَهَا وَخَيْرَ مَا جَبَلْتَهَا عَلَيْهِ، وَأَعُوذُ بِكَ مِنْ شَرِّهَا وَشَرِّ مَا جَبَلْتَهَا عَلَيْهِ
हिन्दी: अल्लाहुम्मा इन्नी अस अलुका खैरहा व खैरा मा जबल्तहा अलैह, व ऊज़ुबिका मिन शर्रिहा व शर्रि मा जबल्तहा अलैह
सुनन अबू दाऊद, हदीस 2160; सुनन इब्न माजा, हदीस 1918
दुआ का मतलब: ऐ अल्लाह! मैं तुझसे इसकी भलाई और उस भलाई का सवाल करता हूँ जो तूने इसकी फ़ितरत में रखी है। और मैं इसकी बुराई तथा उस बुराई से तेरी पनाह माँगता हूँ जो तूने इसकी फ़ितरत में रखी है।
इस दुआ में एक बहुत ख़ूबसूरत बात छिपी हुई है, वो ये कि इंसान जब शादी करता है, तो वह अपनी ज़िंदगी में एक नये साथी का welcome करता है, तो ऐसे मौक़े पर उसे सिर्फ़ ख़ुशी मनाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि अल्लाह से अपने इस नए रिश्ते में भलाई और ख़ैर माँगनी चाहिए। और ये दुआ जब वो पढ़ता है तो वो अल्लाह तआला से अपनी बीवी की भलाई का सवाल करता है और हर तरह की बुराई से उसकी पनाह माँगता है।
मियां-बीवी के हमबिस्तर होने से पहले की मसनून दुआ
शादीशुदा ज़िंदगी में एक और अहम मौक़ा वह होता है जब मियां-बीवी एक-दूसरे के क़रीब होते हैं। इस मौक़े पर भी रसूलुल्लाह ﷺ ने एक ख़ास दुआ की तालीम दी है।
بِسْمِ اللَّهِ، اللَّهُمَّ جَنِّبْنَا الشَّيْطَانَ وَجَنِّبِ الشَّيْطَانَ مَا رَزَقْتَنَا
हिन्दी: बिस्मिल्लाहि अल्लाहुम्मा जन्निबनश शैतान, व जन्निबिश शैताना मा रज़क्तना
सहीह बुख़ारी, हदीस 141; सहीह मुस्लिम, हदीस 1434
दुआ का मतलब: अल्लाह के नाम से। ऐ अल्लाह! हमें शैतान से दूर रख और जो औलाद तू हमें अता फ़रमाए, उसे भी शैतान से दूर रख।
इस दुआ को जब मियां-बीवी पढ़ लेते हैं तो अपने रिश्ते और आने वाली औलाद के लिए अल्लाह तआला की जानिब से हिफ़ाज़त रहती है।
शादी के मौक़े पर दुआ देना सबसे ख़ूबसूरत तोहफ़ा है
हम जब किसी की शादी में जाते हैं, तो अक्सर कोई न कोई तोहफ़ा लेकर जाते हैं। कोई कपड़े देता है, कोई पैसे देता है और कोई दूसरी क़ीमती चीज़ पेश करता है। लेकिन नये शादीशुदा जोड़े के लिए अल्लाह से बरकत, रहमत और भलाई माँगना एक बेहद ख़ूबसूरत अमल है।
अल्लाह तआला हर शादीशुदा जोड़े की ज़िंदगी में बरकत अता फ़रमाए,
उनके दरमियान मोहब्बत और रहमत क़ायम रखे
और उन्हें दुनिया व आख़िरत की भलाई नसीब फ़रमाए।
आमीन।






